राजनीति

देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन से खरगे ने किया चुनावी शंखनाद

मोदी पर निशाना साध खरगे ने दिया मेहनत का मंत्र, मंच से गूंजा अंकिता भंडारी हत्याकांड

देहरादून। देहरादून के बन्नू काॅलेज के मैदान में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। साथ ही कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मेहनत करने का मंत्र भी दिया। खरगे ने राष्ट्रीय मुद्दों के साथ ही अंकिता भंडारी व जोशीमठ आपदा जैसे स्थानीय मुद्दों को भी उठाया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के लगभग सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
राजधानी के बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित विराट कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में सुबह से ही भीड़ जुटने लगी थी। कार्यक्रम में कुछ देर से पहुंचे खरगे ने मोदी की गारंटी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चाहे काला धन हो, सभी को 15 लाख रुपए मिलने की बात, दो करोड़ नौकरियां या किसानों की आमदनी दुगुनी करने की घोषणा, किसी पर भी कोई काम नहीं हुआ। खरगे ने कहा कि जिस तरह से सुबह उठते ही लोगों को लगातार मोदी का चेहरा दिखाया जा रहा है, उससे लगता है कि वह ग्याहरवें अवतार के रूप में आने की प्लानिंग कर रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने भाषण में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया और कहा कि कांग्रेस ने पब्लिक सैक्टर के रूप में आधुनिक मंदिरों का निर्माण कराया। खरगे ने कहा कि उत्तराखंडी हिम्मत वाले हैं व देश को बचाने वाले हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के लिए तैयार करते हुए कहा कि बिना मेहनत किए कोई भी चुनाव नहीं जीता जाता। जनता के बीच जाकर काम करना होगा। जब बूथ लेवल पर जाकर मेहनत होगी, तभी उसका परिणाम निकलेगा।
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड, केदारनाथ सोना प्रकरण, अग्निवीर योजना में छलावा जैसे कामों का बदला सभी ने भाजपा से लेना है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा जनता को गुमराह करने का काम करती है और हर चुनाव में उनके मुद्दे बदल जाते हैं। पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि इस हालात में सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व और अधिक बढ़ जाता है। स्वागत संबोधन पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। अधिकांश नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला जोरशोर से उठाया।
इस दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, हरक सिंह रावत, कांग्रेस के विधायक, संगठन के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button