उत्तरकाशीउत्तराखंड

अक्षय तृतीया के मौके पर श्रद्धालुओं के लिए खुले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट

बड़कोट/उत्तरकाशी। अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त पर आज वैदिक मंत्रोच्चार व विधि विधान के साथ यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये गए हैं। दोनों धामों में हजारो श्रद्धालु कपाट खुलने के अवसर के साक्षी बने। पूरा वातावतरण गंगा और यमुना मैय्या के जयकारों से गूंजायमान हो उठा।

चारधाम यात्रा के प्रथम पड़ाव माँ यमुना जी के पावन धाम यमुनोत्री के कपाट आज श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुल गये हैं। चारधाम यात्रा 2024 का शुभारंभ हो गया है। मां यमुना जी की उत्सव डोली आज  प्रातः अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) से अपने भाई शनिदेव की अगुवाई में कालिन्दी पर्वत की तलहटी में स्थित यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई।

यमुनोत्री में अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त पर वैदिक मंत्रोच्चार व विधि विधान के साथ तीर्थ पुरोहितों के द्वारा प्रातः 10 बजकर 29 मिनट पर धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये गए हैं। इससे पूर्व माँ यमुना जी के प्रवास खरसाली (खुशीमठ) में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गयी, पूजा-अर्चना के बाद मां यमुना जी की डोली अपने भाई शनिदेव की अगुवाई में यमुनोत्री के लिए रवाना हुई।

इस अवसर पर डॉ0 वी मुर्गेशन (ADG CBCID/DIR. VIGILANCE), उपजिलाधिकारी बड़कोट मुकेश रमोला, पुलिस उपाधीक्षक बडकोट सुरेन्द्र सिंह भणडारी, एसएचओ बडकोट सन्तोष सिंह कुंवर सहित गणमान्य लोग, मन्दिर समिति यमुनोत्री के पदाधिकारी, मन्दिर पुजारी एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजुद रहे।

उत्तराखण्ड के सुप्रसिद्ध चार धामों में से उत्तरकाशी स्थित माँ गंगा जी के पावन धाम गंगोत्री के कपाट आज अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर शुभमुहूर्त पर खोल दिए गए हैं। मां गंगा की उत्सव डोली झलसा के साथ कल गुरुवार को अपने शीतकालीन प्रवास मुखवा (मुखीमठ) से भारी सुरक्षा बल के बीच ढोल-नगाड़ों व आर्मी बैण्ड की धुन पर हजारों श्रद्धालुओं के जयकारे के साथ प्रस्थान कर रात्रि विश्राम भैरोघाटी में करने के उपरांत आज भैरो मन्दिर से होकर गंगोत्री धाम पहुंची। गंगोत्री में दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर तीर्थ पुरोहितों के द्वारा पूजा-अर्चना कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए हैं।

गंगोत्री धाम मे कपाट खुलने के शुभअवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, ए0पी0 अंशुमान, जिलाधाकारी उत्तरकाशी डॉ0 मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी अर्पण यदुवंशी, पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी प्रशान्त कुमार सहित अन्य अधिकारी कर्म0गण, गणमान्य लोग, मन्दिर समिति गंगोत्री के पदाधिकारी, मन्दिर के पुजारी एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजुद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button